डीसीएम की चपेट में आने से स्कूटी सवार युवती समेत दो घायल
मगहर। राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित सेमरा गांव के पास शुक्रवार तड़के डीसीएम की चपेट में आने से स्कूटी सवार युवती समेत दो लोग घायल हो गए। स्कूटी चालक युवक की हालत गंभीर है। उन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया गया है।
गोरखपुर जिले के सहजनवां क्षेत्र के सीहापार गांव निवासी सत्यवान (42) पुत्र अवधेश यादव स्कूटी से गायक कलाकार विद्या (30) निवासी काजीपुर मगहर के साथ बृहस्पतिवार रात माता के जागरण कार्यक्रम में खलीलाबाद गए थे। शुक्रवार भोर में दोनों स्कूटी से घर आ रहे थे। राष्ट्रीय राजमार्ग पर सेमरा गांव के निकट तेज रफ्तार डीसीएम ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार दोनों लोग घायल हो गए। चौकी इंचार्ज बलराम पांडेय ने बताया कि घायलों को जिला संयुक्त चिकित्सालय खलीलाबाद भेजा गया। सूचना पर घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। युवती को मामूली चोटें आईं हैं। स्कूटी चालक सत्यवान को गंभीर चोट आई है। उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। डीसीएम पुलिस के कब्जे में है। चालक फरार है।