ग्राम न्यायालय के विरोध में वकीलों का प्रदर्शन
न्यायिक कार्य से रहे विरत, वादकारियों को निराश होकर लौटना पड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। मेंहदावल में ग्राम न्यायालय की स्थापना के विरोध में शुक्रवार को अधिवक्ताओं ने दीवानी न्यायालय के मुख्य गेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान न्यायिक कार्य से विरत रहे। इससे वादकारियों को निराश होकर लौटना पड़ा।
सिविल बार एसोसिएशन और जनपद बार एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में कई महीनों से जिले के अधिवक्ता ग्राम न्यायालय के विरोध में प्रत्येक सप्ताह के अंतिम कार्य दिवस पर न्यायिक कार्य नहीं कर रहे हैं। जनपद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष नवनीत कुमार पांडेय व महामंत्री दुर्गेश नारायण मिश्र ने कहा कि जब तक ग्राम न्यायालय वापस नहीं होगा, तब तक धरना-प्रदर्शन चलता रहेगा।
सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष महीप बहादुर पाल व महामंत्री चतुर जी शुक्ल ने कहा कि जिले के दीवानी न्यायालय में बहुत सी मूलभूत सुविधाएं नहीं हैं। जिला काफी छोटा है। ऐसे में मेंहदावल में ग्राम न्यायालय का स्थापित किया जाना कहीं से भी उचित नहीं है। दौरान आकाश शाही, वसी अहमद, राणा रविंदर, मोहम्मद मुकर्रम खान, आनंद वीर मिश्र, प्रदीप पांडेय, वीरेंद्र मिश्र, शत्रुघन यादव ,शैलेश श्रीवास्तव, दिनेश चंद्र आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।