उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले प्राथमिक शिक्षकों ने गुरुवार को भी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के कार्यालय पर धरना दिया। इस दौरान शिक्षकों ने कहा कि जब तक लिपिक को हटाया नहीं जाएगा तब तक धरना-प्रदर्शन चलता रहेगा।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की अध्यक्ष अम्बिका देवी यादव और संरक्षक गंगा प्रसाद यादव के नेतृत्व में मेंहदावल तहसील क्षेत्र के शिक्षक सुबह बीएसए दफ्तर पहुंचे और धरना दिया। इस दौरान शिक्षक नेताओं ने कहा कि बीएसए दफ्तर में कार्यरत एक बाबू की मनमानी से शिक्षक परेशान है, कई बार बीएसए और जिलाधिकारी से शिकायत की गई, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। ऐसे में धरना-प्रदर्शन का रास्ता अख्तियार करना पड़ा। शिक्षक नेताओं ने चेतावनी दिया कि यह धरना तब तक चलेगा, तब तक लिपिक को यहां से हटाया नहीं जाता। धरना के दौरान जयराम वर्मा, विजय नाथ यादव,ओम प्रकाश यादव, जवाहर लाल गुप्ता, रामनाथ यादव, शिवानंद मिश्र, शुएब अहमद, मुरलीधर शर्मा, राधेश्याम ओझा, मजीर्बुरहमान, रमेश चंद्र, उदय शंकर सिंह, विनय कुमार दुबे, राम शरन यादव, मेराज अहमद, मीरा भारती, बृजभूषण यादव, संतकुमार मिश्र, शिवचरन गुप्ता, शशिकला यादव, चंद्रकला देवी, माधुरी देवी, अमरेश चौधरी, अजय नाथ सहित तमाम शिक्षक उपस्थित रहे।