न्यायालय गेट के सामने प्रदर्शन करते अधिवक्ता-संवाद
संतकबीरनगर। शनिवार को दीवानी न्यायालय परिसर में संयुक्त बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने बनारस में अधिवक्ताओं पर दर्ज मुकदमे और अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने तथा अन्य समस्याओं को लेकर न्यायिक कार्य से विरत रहे। इस दौरान न्यायालय से जुलूस निकालते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे जहां पर डीएम को ज्ञापन सौंपा। इससे पूर्व न्यायालय गेट के सामने सीएम का पुतला जलाकर नारेबाजी की।
दीवानी न्यायालय परिसर में एकत्रित होकर जिले के अधिवक्ता प्रदेश सरकार के विरोध प्रदर्शन करते हुए तथा हाथ में सीएम का प्रतिकात्मक पुतला लेकर स्टेडियम गेट के सामने पहुंच कर उसे जलाया और उत्तर प्रदेश सरकार के विरुद्ध नारेबाजी की। उसके बाद पैदल मार्च कर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंच कर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहाकि बनारस में अधिवक्ताओं पर दर्ज मुकदमों को वापस लिया जाए।
जनपद बार अध्यक्ष शशि कुमार ओझा ने कहाकि न्यायालय आज से 17 वर्ष पूर्व आया और हम अधिवक्ता 2017 में अपनी बिल्डिंग में शासन के आश्वासन पर आए कि हमारी मूलभूत सुविधाओं व समस्याओं का समाधान सरकार करेगी। किंतु कई बार मुख्यमंत्री को अधिवक्ताओं की बिल्डिंग, पानी निकासी, सफाई व्यवस्था एवं शौचालय सुरक्षा आदि के लिए अवगत कराया गया। लेकिन आज तक अधिवक्ताओं के साथ भेदभाव किया जा रहा है। फर्जी मुकदमे दर्ज हो रहे हैं। बनारस प्रकरण इसका ताजा उदाहरण है। उन्होंने कहाकि अगर मुदकमा वापस नहीं लिया गया तो आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी।
इस दौरान जनपद बार महामंत्री राणा रवीन्द्र सिंह, सिविल बार एसोसिएशन अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार मिश्र, महामंत्री राकेश जी मिश्र, नवनिर्वाचित अध्यक्ष ईश्वर प्रसाद पाठक, निरंजन सिंह, राम अवतार यादव, महीप बहादुर पाल, सुधीर कुमार श्रीवास्तव, प्रदीप कुमार पांडेय आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।