संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। अधिवक्ता प्राेटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग और दीवानी न्यायालय परिसर में अधिवक्ता भवन निर्माण सहित मूलभूत सुविधाओं उपलब्ध कराने के लिए शनिवार को
अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य में सहयोग नहीं किया। जिसके कारण वादकारी तारीख जानकर निराश होकर घरों को लौट गए।
शनिवार को सुबह जिले के अधिवक्ताओं के दोनों बार संगठनों की बैठक संपन्न हुई। इसमें सर्व सम्मत से निर्णय लिया गया कि अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू न किए जाने और दीवानी न्यायालय परिसर में अधिवक्ता भवन निर्माण न होने तथा परिसर में बिजली ,पानी, शौचालय जैसी रोजमर्रा की सुविधाओं के अभाव के कारण जिले के अधिवक्ता न्यायिक कार्य में सहयोग नहीं करेंगे। इसके बाद अधिवक्ता न्यायिक कार्य से खुद को अलग कर लिया। इस दौरान सिविल बार अध्यक्ष महीप बहादुर पाल, महामंत्री चतुर जी शुक्ल, जनपद बार के अध्यक्ष राकेश सिंह, महामंत्री सुनील कुमार पांडेय, नव निर्वाचित अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार मिश्र, महामंत्री राकेश जी मिश्र, कोषाध्यक्ष अभय कुमार श्रीवास्तव आदि अधिवक्ता शामिल रहे।