धनघटा। क्षेत्र के दीपपुर डिहवा गांव में नियमों को ताक पर रखकर पिछले दो वर्षों में एक समुदाय विशेष से संबंध रखने वाले लगभग 94 लोगों के नाम कृषि व आवासीय पट्टे आवंटित कर दिए गए। ग्राम पंचायत के प्रस्ताव पर तहसील द्वारा पट्टा स्वीकृत किया गया। इस प्रकरण में शिकायती पत्र डीएम को सौंपा गया। धनघटा तहसील मुख्यालय से चन्द किलोमीटर दूर दीपपुर डिहवा गांव स्थित है। यहां वर्षों से खाली पड़ी सरकारी जमीनों पर कब्जा किया गया है। पिछले दो वर्षों में दस एकड़ से अधिक भूमि को 94 लोगो को पट्टे आवंटन कर दिया गया है।
जिलाधिकारी को सौंपे पत्र में राम आशीष, निजामुद्दीन आदि ग्रामीणों ने कहा कि ग्राम डिहवा में एक ही समुदाय के 94 व्यक्तियों के नाम आवासीय व कृषि पट्टा स्वीकृति कर दिया गया। यह कार्रवाई वर्ष 2022 में ग्राम पंचायत सदस्यों के फर्जी हस्ताक्षर के माध्यम से की गई।
पट्टे की कार्रवाई में 94 व्यक्तियों में 90 व्यक्ति केवल एक समुदाय से हैं। ऐसे अपात्रों को पट्टा आवंटित किया गया जिसमें 06 से 07 व्यक्ति एक ही परिवार से हैं। जिनके पास दो मंजिला मकान व चार पहिया वाहन है उन्हें भी पट्टे का आवंटन कर दिया गया। पत्र में टीम गठित कर जांच कर पट्टे को निरस्त करने की मांग की गई।