संतकबीरनगर। बारिश का मौसम शुरू हो गया है। लेकिन जिले में सड़क निर्माण सहित कई परियोजनाएं अब भी अधूरी हैं। ऐसे में बारिश से परियोजनाओं के कार्य में बाधा खड़ी हो सकती है। इससे लोगों को समस्याओं से जूझना पड़ सकता है।
लोगों को बेहतर सड़क की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन ने पहल की है। इसके तहत मंझरिया से कटका मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। करीब 20 करोड़ की इस परियोजनाओं की रफ्तार काफी धीमी है। अभी सड़क की पटरियों को खोदकर गिट्टी डालने और उसे समतल करने का कार्य चल रहा है। इस बीच बारिश शुरू होने से सड़क के निर्माण में बाधा खड़ी होने लगी है। आने वाले दिनों में मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो जाएगा तो कार्य करा पाना संभव नहीं होगा। इससे इस मार्ग से आने-जाने वाले लोगों को अब भी दुश्वारियां झेलनी पड़ेगी। इसी मार्ग पर महुई से तामेश्वरनाथ धाम को जोड़ने वाली सड़क के चौड़ीकरण का कार्य भी कराया जा रहा है। इस मार्ग पर मिट्टी और गिट्टी डाली जा चुकी है। बीच में शिवशंकरपुर में कुछ लोगों के मकान आदि सड़क निर्माण के दायरे में आ रहे हैं, इससे यहां पर आकर कार्य रुका पड़ा हुआ है। इधर बारिश शुरू होने से इस मार्ग की पिचिंग का कार्य प्रभावित हो सकता है।
सावन माह में इस मार्ग से होकर श्रद्धालु तामेश्वरनाथ धाम जलाभिषेक के लिए आते-जाते हैं। यदि सड़क का निर्माण पूरा नहीं हुआ तो शिवभक्तों का सफर मुश्किल भरा हो जाएगा। खलीलाबाद से रोरापार मार्ग का अभी कुछ दिनों पूर्व सदर विधायक ने शिलान्यास किया है। इस मार्ग का चौड़ीकरण होना है, लेकिन बारिश शुरू होने के बाद सड़क निर्माण कार्य प्रभावित होने की संभावना है।
क्षेत्र के राम मिलन, सुनील कुमार आदि का कहना है कि बारिश शुरू होने के बाद सड़कों का निर्माण कार्य प्रभावित होगा, जिससे सफर की मुश्किलें कम नहीं होगी। लोगों को बेहतर सड़क के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।
सड़कों के चौड़ीकरण का कार्य शुरू कराया गया है। मंझरिया-कटका मार्ग पर कार्य तेजी से कराया जा रहा है। जहां पर कोई समस्या है, उसे दूर कराकर जल्द से जल्द कार्य पूर्ण कराने का प्रयास है। वैसे भी यह परियोजनाएं बरसात के बाद ही पूर्ण होने की उम्मीद है।
आरके पांडेय- अधिशाषी अभियंता लोनिवि