सोते समय छत से नीचे गिरकर युवक की मौत
बेलहर क्षेत्र के खरवनियां गांव की घटना, पुलिस को सूचना दिए बिना ही परिजनों ने कर दिया अंतिम संस्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
बेलहर। खरवनियां गांव में सोमवार रात छत पर सोते समय नीचे गिर जाने से युवक की मौत हो गई। मंगलवार को बगैर पुलिस को सूचना दिए ही परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
खरवनियां निवासी बाबूलाल(46) सोमवार रात छत पर सोने गए थे। रात दो बजे के करीब छत से किसी के गिरने की आवाज सुनाई पड़ी। घरवालों ने उठ कर देखा तो बाबूलाल गिरे पड़े थे। उनके सिर में गंभीर चोट थी। आनन- फानन में उन्हें सांथा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां से डॉक्टरों ने देखकर मेंहदावल सीएचसी रेफर कर दिया। मेंहदावल सीएचसी पहुंचने पर डॉक्टरों ने देखते ही उन्हें मृत घोषित कर दिया। पति की मौत की सूचना मिलते ही पत्नी तिरथी देवी का रो- रो कर बुरा हाल हो गया। गांव के लोगों ने बताया कि मृतक के पास तीन बेटे और दो बेटियां है। घटना की सूचना लोगों ने राजस्व विभाग को दी। सूचना पर पहुंचे लेखपाल अभिषेक सिंह ने रिपोर्ट तैयार करके तहसील प्रशासन को भेजने की बात बताई। वहीं घरवालों ने घटना की सूचना बिना पुलिस को दिए ही परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। एसओ अनिल कुमार दूबे ने घटना से अनभिज्ञता जाहिर की।