बेलहर (संतकबीरनगर)। दो दिन पूर्व लापता कुशहरा गांव के युवक की लाश बुधवार को दरही मार्ग पर पुलिया के नीचे ह्यूम पाइप में मिली। पुलिस ने जेसीबी से खोदाई करा कर शव को बाहर निकलवाया। पीड़ित परिजनों ने गांव के एक युवक पर हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने गांव के ही सोनू मिश्राा पर हत्या और एसएसी-एसटी एक्ट का केस दर्ज कर लिया है।
आरोपी की गिरफ्तारी होने तक शव का पोस्टमार्टम न कराने पर अड़ गए। सीओ ने हाथ जोड़कर समझाया और कार्रवाई का आश्वासन दिया तब लोग माने। पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज किया है।
कुशहरा गांव निवासी 35 वर्षीय राम प्रकाश पुत्र मिठाई लाल के चचेरे भाई का नंदौर के एक प्राइवेट अस्पताल में ऑपरेशन हुआ था। सोमवार की शाम को राम प्रकाश गांव के एक युवक के साथ चचेरे भाई को देखने नंदौर गए थे। युवक देर शाम घर लौट आया, लेकिन राम प्रकाश घर नहीं पहुंचे।
परिजनों ने युवक से पूछताछ की तो उसने बताया कि दरही पुलिया के पास राम प्रकाश ससुराल जाने की बात कहकर बाइक से उतर गए थे। बुधवार को शाम चार बजे पुलिस को पता चला कि दुर्गजोत-रुधौली मार्ग से आगे दरही मार्ग पर पुलिया के नीचे युवक का शव दिखा है। इसके बाद पुलिस ने शव को निकलवाया। संवाद