कांटे/संतकबीरनगर। खलीलाबाद क्षेत्र के चंगेरा-मंगेरा गांव में बृहस्पतिवार की रात ट्रैक्टर के साथ खेत जोतने निकले मजदूर का शव 20 घंटे बाद कठिनइया नदी में मिला। प्रधान की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस की छह टीमें शव की तलाश में सुबह से लगी रही। गोरखपुर से डाॅग स्क्वाॅयड टीम बुलाई गई।
शुक्रवार को दोपहर तीन बजे के आसपास टेमा रहमत स्थित कठिनइया नदी पुल के नीचे शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी को भी अपने हिरासत में ले लिया है। परिजनों के मुताबिक मजदूर की हत्या कर शव गायब कर दिया गया था।
चंगेरा-मंगेरा गांव के प्रधान की सूचना के बाद शुक्रवार की सुबह पुलिस के आला अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंच गए। गांव निवासी जगपति देवी ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा रामजनम (35) गांव के ही ट्रैक्टर चालक के साथ खेत की जोताई करने के लिए गया हुआ था।
इसके बाद से ही ट्रैक्टर चालक व बेटा रामजनम गायब हैं। मामले की जानकारी होने के बाद पुलिस ने आसपास जब तलाश शुरु की तो जिस खेत की जोताई करने के लिए ट्रैक्टर गया था, वहां पर खून के कुछ धब्बे पाएं गए। इसके अलावा एक जोड़ी चप्पल भी बरामद हुआ, जो रामजनम का होना पाया गया।
पुलिस की जांच में ट्रैक्टर उसके मालिक के घर पर खड़ा मिला और चालक लापता था। मेंहदावल, दुधारा, बखिरा, एसओजी कोतवाली पुलिस टीम को एसपी ने तलाश के लिए लगाया। एसपी सत्यजीत गुप्ता ने एएसपी सुशील कुमार ने कैंप करके दोनों की तलाश शुरु कराई। दोपहर तीन बजे के आसपास रामजनम का शव कठिनइया नदी पुल के नीचे बरामद हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रामजनम का चप्पल सूंघकर ट्रैक्टर चालक के घर पहुंचा खोजी कुत्ता
पुलिस ने गोरखपुर से डाग स्क्वायड की टीम को बुलाया। खोजी कुत्ते ने रामजनम का चप्पल सूंघकर गांव में ट्रैक्टर चालक के घर तक पहुंच दिया।