बेलहर। बेलहर थाना क्षेत्र के लोहरौली शुक्ल स्थित गोसाईं बाग में एक अधेड़ का शव संदिग्ध परिस्थितियों में एक पेड़ पर फंदे से लटका हुआ मिला।
ग्रामीणों ने इस बात की सूचना मुकामी पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जहां पर शव मिला है वहां से व्यक्ति के गांव की दूरी चार किलोमीटर है।
बेलहर थानाक्षेत्र के लोहरौली शुक्ल गांव के गोसांई बाग में लोगों ने शाम पांच बजे एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका हुआ देखा। इस बात की सूचना ग्रामीणों ने बेलहर पुलिस को दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का की पहचान के प्रयास किए।
इसी दौरान एक व्यक्ति ने बताया कि यह शव भरवलिया खुर्द गांव के निवासी प्रमोद कुमार (46) पुत्र प्रह्लाद का है। इस बात की जानकारी होने के बाद पुलिस ने मृतक के भाई को बुलवाया।
प्रमोद के भाई संजय ने बताया कि वह सुबह घर से बस्ती जाकर दवा लेने के लिए निकले थे। बताया जाता है कि उनके दो पुत्र हैं। एसओ रजनीश राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही कोई कार्रवाई की जाएगी।