संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के जगदीशपुर उर्फ लहुरादेवा गांव में पारिवारिक कलह से परेशान एक विवाहिता ने शुक्रवार को घर के कमरे में फंदे से लटक कर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है।
जगदीशपुर उर्फ लहुरादेवा गांव निवासी मेनका देवी (30) पत्नी देवनारायण का शव शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे घर के कमरे में छत में लगे कुंडे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही पति देवनारायण ने पुलिस कंट्रोल रूम 112 नंबर पर सूचना दी।
सूचना पर कांटे चौकी प्रभारी उमाशंकर त्रिपाठी, कोतवाल जय प्रकाश दुबे तथा क्षेत्राधिकारी प्रियम राजशेखर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के अनुसार मेनका देवी का मायका दुधारा थाना क्षेत्र के सुम्हा गांव में है। बताया जा रहा है कि पारिवारिक विवाद के चलते उसने यह कदम उठाया। हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
क्षेत्राधिकारी प्रियम राजशेखर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।