पेड़ से लटका मिला किशोर का शव, हत्या का शक
मगहर। कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के भरोहिया के पूरब बागीचे में स्थित पेड़ की डाली से सोमवार देर रात किशोर का शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शव को पेड़ से उतरवाकर घर लेकर आए और इसकी सूचना डायल 100 पुलिस को दी। मगहर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
भरोहिया निवासी अखिलेश यादव (15) पुत्र सूर्यनाथ यादव सोमवार की शाम शौच के लिए घर से निकला था। जब काफी देर बाद वह नहीं लौटा तो परिजन उसकी खोजबीन में लग गए। ढूंढते ढूंढते परिजन गांव के पूरब बाग में पहुंचे तो देखा कि अखिलेश का शव गमछे के बने फंदे के सहारे पेड़ की डाल से लटका हुआ है। परिजनों ने उसे पेड़ से उतारा और घर लेकर आए। इसकी सूचना डायल 100 पर पुलिस को दी। सूचना पर चौकी इंचार्ज राममिलन यादव मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अखिलेश के परिजनों का कहना है कि घर में ऐसी कोई बात नहीं हुई, जिसके चलते अखिलेश आत्मघाती कदम उठाएं। संदेह है कि उसकी हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया गया है।
इस संबंध में चौकी इंचार्ज राममिलन यादव ने बताया कि किशोर के गले पर रिंग जैसा निशान मिला है। मौत के सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा। मामले की छानबीन की जा रही है।