खलीलाबाद। कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली 17 वर्षीय एक छात्रा को बेहोश कर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता उसी की कोचिंग में पढ़ने वाली एक छात्रा के साथ शुक्रवार शाम को एक मकान पर गई थी, जहां मड़या के रहने वाले बिजली निगम में संविदा कर्मी 32 वर्षीय बदरे आलम ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
गंभीर हालत में छात्रा का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। छात्रा की मां की तहरीर पर पुलिस ने शनिवार को उसकी सहेली और आरोपी बदरे आलम के खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट व एससी/एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोनों आरोपी फिलहाल लापता हैं। पीड़ित छात्रा की मां की तहरीर के अनुसार, उनकी बेटी 12 वीं कक्षा की छात्रा है। वह कोतवाली थाना क्षेत्र के ही एक कोचिंग में पढ़ती है। शुक्रवार शाम करीब पांच बजे वह कोचिंग पढ़ने गयी थी। वहां उसके साथ पढ़ने वाली एक छात्रा के कहने पर वह कोचिंग सेंटर से थोड़ी दूर एक मकान पर गई। वहां मड़या मोहल्ला निवासी बदरे आलम उर्फ बादल मिला। बेटी की सहेली और बदरे आलम ने बेटी को पानी पीने के लिए दिया। पानी पीने के बाद बेटी बेहोश हो गई। जब होश आया तो उसके पेट में दर्द और निजी अंग से रक्तस्राव हो रहा था। यह देख उसकी चीख निकल गई। इसके बाद उसकी सहेली उसे संयुक्त जिला अस्पताल ले गई, वहां पर हालत ज्यादा गंभीर देख डाॅक्टरों ने उसे गोरखपुर मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया। इस बात की जानकारी होने पर परिजन उसे शहर में ही एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है। बताया जाता है कि आरोपी बदरे आलम उर्फ बादल बिजली निगम में संविदा पर नौकरी करता है।