नाथनगर ब्लॉक क्षेत्र के लोहिया समग्र गांव छितही के ग्रामीणों ने शुक्रवार को आपदा राहत का चेक वितरण न किए जाने से ग्राम प्रधान के नेतृत्व में गांव में प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि अन्य गांवों में आपदा राहत का चेक मिल रहा है, लेकिन लोहिया समग्र गांव होने के बावजूद इस गांव के लोगों को कोई तवज्जों नहीं दिया जा रहा है।
नाथनगर ब्लॉक क्षेत्र के छितही गांव के प्रधान अलीमुलकदर उर्फ ढिलढिल ने बताया कि सात से आठ हजार आबादी वाले मुस्लिम बाहुल्य गांव को वर्ष 2014-15 में लोहिया समग्र गांव दर्जा मिला है।
शासन की मंशा है कि लोहिया गांव को सभी योजनाओं का लाभ देकर पूर्ण विकसित किया जाए, लेकिन अधिकारियों की लापरवाही से अभी तक गांव में आपदा राहत का चेक वितरण नहीं किया गया।
प्रदर्शनकारी जाबिर खान, अहमद हसन, साहीम खान, गुड्डू, असलम, निसार अहमद, अब्दुलवफा, नुरुलैन, मुमताज अहमद, जुनेद अहमद, अकरम खान, मुहम्मद शमी, मुहम्मद शोएब, जुबेर, रियाज, अकबाल, वलीउल्लाह, तुफेल अहमद ने बताया कि आपदा राहत का चेक वितरण कराने के लिए दर्जनों बार हल्का लेखपाल से मिला गया, लेकिन हर बार टाल मटोल किया जाता रहा।
कई बार तहसीलदार व एसडीएम से भी मनुहार किया गया। हर बार यही कहा गया कि जल्द ही चेक वितरित करा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि 11 जनवरी तक चेक वितरित नहीं कराया गया तो महुली और छितही गांव के लोग एक जुट होकर तहसील पर धरना प्रदर्शन करेंगे।
इस संबंध में तहसीलदार राजेश कुमार गुप्ता ने कहा कि प्राथमिकता के आधार पर जल्द ही चेक वितरित कराया जाएगा।