वाहन की चपेट से साइकिल सवार युवक की मौत
वश्वनाथपुर के पास हुआ हादसा
धनघटा (संतकबीरनगर)। खलीलाबाद-धनघटा मार्ग पर विश्वनाथपुर के पास शुक्रवार को अज्ञात वाहन की चपेट में आने से साइकिल सवार युवक की मौत हो गई। परिजन शव लेकर गांव पहुंचे तो कोहराम मच गया।
महुली क्षेत्र के बरडांड़ निवासी 46 वर्षीय सतीश चंद्र पुत्र भगवंत शुक्रवार को साइकिल से विश्वनाथपुर चौराहे पर सब्जी खरीदने जा रहे थे। अज्ञात वाहन ने उन्हें चपेट में ले लिया। हादसे के बाद आसपास के लोग जुट गए। परिजन घायल को पहले सीएचसी नाथनगर ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल से भी घायल को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें गोरखपुर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत में सुधार न होने पर शनिवार को मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एसआई दद्दन राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इस मामले में अज्ञात वाहन चालक पर केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।