रिटायर्ड दरोगा के खाते से निकाल लिया दो लाख
- पीएचक्यू का कर्मी बताकर समय से पेंशन पहुंचने का दिया था झांसा
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। पीएचक्यू लखनऊ का कर्मचारी बताकर समय से पेंशन की रकम खाते में पहुंचने का झांसा देकर जालसाज ने रिटायर्ड दरोगा का क्रेडिट कार्ड नंबर पूछ कर 2,04,980 रुपये निकाल लिया। खाते से रकम निकलने का संदेश मोबाइल फोन पर पहुंचने के बाद रिटायर्ड दरोगा जानकारी हुई। इस मामले में मंगलवार को पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली क्षेत्र के चंगेरा-मंगेरा निवासी 60 वर्षीय जगन्नाथ यादव उत्तर प्रदेश पुलिस में सब इंस्पेक्टर थे। बस्ती जिले में डायल 100 नंबर में उनकी तैनाती थी। नवंबर 2021 में वे सेवानिवृत्त हो गए। 31 जनवरी 2022 को उन्हें फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को पीएचक्यू लखनऊ का कर्मचारी बताया। पेंशन के संबंध में बात की। जालसाज ने बताया कि पहले प्रत्येक वर्ष जीवित होने का प्रमाण पत्र देना होता था, लेकिन अब नियम बदल गया है। अब पांच साल पर जीवित होने का प्रमाण पत्र देना होगा। जालसाज ने समय से खाते में पेंशन की रकम पहुंचने के लिए क्रेडिट कार्ड का नंबर पूछा। उसके झांसे में आकर रिटायर्ड दरोगा ने अपने क्रेडिट कार्ड का नंबर बता दिया। पहली फरवरी और दो फरवरी को रिटायर्ड दरोगा के खाते से 2,04,980 रुपये निकाल लिया। खाते से रकम की निकासी का संदेश मोबाइल फोन पर पहुंचा तो रिटायर्ड दरोगा को मामले की जानकारी हुई। रिटायर्ड दरोगा जगन्नाथ यादव ने बताया कि सबसे पहले वे संबंधित बैंक को सूचना दिए। उसके बाद साइबर सेल से संपर्क कर प्रार्थना पत्र दिए। मंगलवार को इस मामले में कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाल विजय नरायन प्रसाद ने बताया कि अज्ञात जालसाज के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।