मगहर। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास रविवार देर रात कबीर की निर्वाण स्थली मगहर स्थित कबीर चौरा पहुंचे। जहां उन्होंने कबीर की समाधि व मजार पर श्रद्धा की चादर चढ़ाई और उन्हें नमन किया। इसके बाद कबीर के जन्मोत्सव पर हो रहे चौका आरती कार्यक्रम में शामिल हुए।
भाजपा शीर्ष नेतृत्व के आह्वान पर पूरे देश में महासंपर्क अभियान चलाया जा रहा है, जिसके क्रम में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास सिद्धार्थनगर में महासंपर्क अभियान कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। वहीं से देर रात लगभग दस बजे संत कबीर की महापरिनिर्वाण स्थली कबीरचौरा धाम मगहर में कबीर के 625वें प्राकट्य दिवस पर हो रहे कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले कबीर समाधि व मजार का दर्शन किया और चादर चढ़ाई।
कबीर समाधि मंदिर परिसर में चल रहे चौका आरती कार्यक्रम में शामिल होकर आरती की। उन्होंने कहा कि यहां आकर शांति की अनुभूति हुई। कबीर ने सदैव मानवता की बात की है। उनके एक एक दोहे हमें सुखमय जीवन जीने की कला सिखाते हैं। उनकी वाणी से हमारे जीवन को नई दिशा मिलती है। कबीर ने आपस में सदैव प्रेम, सद्भाव की बात की है। उन्होंने आगे कहा कि कबीर जैसे संत ने अपनी बातों, कर्मों के बल पर दुनिया को सदमार्ग दिखाने का काम किया है। उनकी वाणी विश्व में हमेशा प्रासंगिक थी, है और रहेगी।
इस मौके पर धनघटा विधायक गणेश चौहान, पूर्व चेयरमैन संगीता वर्मा, अवधेश सिंह, प्रदीप गुप्ता, संदीप मिश्रा, रंजीत कन्नौजिया, दीपक कन्नौजिया, राजेश उर्फ गुड्डू वर्मा, गुलाम हुसेन, मुश्ताक खान उर्फ मुन्ना खान, योगेश उर्फ विक्की वर्मा, आत्मचेतन्य ब्रह्मचारी उर्फ रामू यादव, विजय तिवारी, सुजीत गुप्ता आदि लोग शामिल रहे।