संतकबीरनगर। नवमी तिथि पर शुक्रवार को देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। हवन व कन्या पूजन के साथ चैत्र नवरात्र का समापन हो गया। नारियल, चुनरी, फूल इत्यादि से मां का आशीर्वाद लेने का उत्साह श्रद्धालुओं में देखा गया। अधिकतर लोगों ने मंदिरों में दर्शन-पूजन के बाद यज्ञ मंडप पहुंचकर हवन कराया और कन्या पूजन कर नवरात्र व्रत पूरा किया।
चैत्र रामनवमी की शुरूआत 19 मार्च को हुई है। नवमी के दिन शुक्रवार को खलीलाबाद के समय माता मंदिर में सुबह चार बजे से श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने पूजन थाल में चुनरी, नारियल, अगरबत्ती, सिंदूर और प्रसाद आदि लेकर मां के दर्शन किए। नारियल और प्रसाद चढ़ाया। इसके साथ ही कुंड में विधि-विधान से हवन कराया।
बरदहिया स्थित मां सिद्धिदा मंदिर, वन देवी, पाटेश्वरी माता मंदिर, समय माता मंदिर स्टेशनपुरवा, लहुरादेवा, बखिरा दुर्गा मंदिर, राजमाता मंदिर मेंहदावल, नगर वाली मंदिर बाराखाल आदि मंदिरों में श्रद्धालुओं के हवन व पूजा का सिलसिला दिनभर चलता रहा। मेंहदावल, बघौली, सेमरियावां, धनघटा, बेलहर, सांथा, हैंसर, नाथनगर, पौली, हरिहरपुर, बाघनगर, कांटे आदि ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित देवी मंदिरों में लोगों की भीड़ रही। मंदिरों में काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने मां के रूप के दर्शन किए और प्रसाद ग्रहण किया।
इसके साथ ही चैत्र रामनवमी में पर कन्याओं का पूजन किया गया। इसके साथ विधि- विधान से हवन किया गया।
000000000000000000000000
सुरक्षा में तैनात रही पुलिस
देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने पुलिस की तैनाती की थी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की दिक्कत न होने पाए। इसके साथ ही समय माता मंदिर पर स्काउट -गाइड के छात्र- छात्राएं भी व्यवस्था संभालती रहीं।