- पुलिस भर्ती परीक्षा : तीसरे दिन 1200 अभ्यर्थी रहे गैरहाजिर
- सभी केंद्रों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा चक्र से गुजरे परीक्षार्थी
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जनपद में पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर रविवार को तीसरे दिन अभ्यर्थी परीक्षा से छूटे तो बसों में चढ़ने के लिए धक्का-मुक्की हुई। परीक्षा केंद्रों के गेट पर सभी को त्रिस्तरीय सुरक्षा चक्र से गुजरना पड़ा। केंद्र के भीतर सभी अभ्यर्थियों को सिर्फ प्रवेश पत्र, पहचान पत्र व पेन के अलावा अन्य कोई सामान नहीं ले जाने दिया गया।
पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए जिले के नौ केंद्रो पर 26,160 अथ्यर्थी पंजीकृत हैं। प्रत्येक पाली में 2616 अभ्यर्थी को परीक्षा देनी थी। केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था को देखकर तमाम अभ्यर्थी परीक्षा छोड़ रहे हैं। परीक्षा के तीसरे दिन 1200 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। एक दिन में 5232 परीक्षार्थियों को शामिल होना था।
इससे अलावा पुलिस भर्ती परीक्षा के तीसरे दिन प्रथम पाली में 620 और द्वितीय पाली में 580 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे, जबकि 4032 अभ्यर्थी पुलिस भर्ती परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर परीक्षा दिए। वहीं पुलिस भर्ती परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने में जुटे अधिकारी भी लगातार केंद्रों का दौरा करके स्थिति का जायजा लेने में जुटे रहे।
एसपी सत्यजीत गुप्ता एवं पुलिस भर्ती परीक्षा के नोड़ल अधिकारी एएसपी सुशील कुमार सिंह ने केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थापक एवं जोन, सेक्टर व सब सेक्टर अधिकारियों से बातचीत की। इसके साथ ही सभी को पूरी मुस्तैदी एवं सतर्कता के साथ पुलिस भर्ती परीक्षा को संपन्न कराने का निर्देश दिया।
परीक्षा छूटने पर बस स्टेशन पर बढ़ गया लोड
पुलिस भर्ती परीक्षा छूटने के बाद बस स्टेशन पर छात्रों का लोड बढ़ गया। सभी केंद्रों से एक साथ परीक्षा छूटने के वजह से हर किसी को घर पहुंचने की जल्दबाजी रही। इसके बाद एक बारगी अभ्यर्थी बस स्टेशन पर पहुंच गए। वहां पर बस आने के बाद एक साथ छात्र बस की तरफ टूट पड़ते थे, जिसके वजह से बसों में धक्का-मुक्की की नौबत आ गया और कई अभ्यर्थी को खड़े होकर अपने गंतव्य को रवाना होना पड़ा।
पुलिस भर्ती परीक्षा के तीसरे दिन 1200 अभ्यर्थी ने परीक्षा छोड़ी है। सभी केंद्रों पर पूरे सुरक्षा व्यवस्था एवं शांति पूर्ण तरीके से परीक्षा हुआ।
- महेंद्र सिंह तंवर, डीएम