गोरखपुर-लखनऊ हादवे पर स्थित रैना पेपर मिल के निकट रविवार को सड़क के किनारे खड़ी भूसी लदी डीसीएम में ट्रक के जरिए टक्कर मारने से बीच में दबकर एक साइकिल सवार मजदूर की मौत हो गई। जबकि ट्रक का खलासी और डीसीएम चालक भी घायल हो गया।
महुली क्षेत्र के बेल्डुहा निवासी 42 वर्षीय रोहित शर्मा पेपर मिल में काम करते थे। रविवार को वह साइकिल से ड्यूटी पर जा रहे थे। जैसे ही वे रैना पेपर मिल के पास पहुंचे कि उसी बीच सड़क के किनारे खड़ी भूसी लदी डीसीएम में एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दिया। दोनों वाहनों के बीच में दब जाने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि डीसीएम के चालक और ट्रक के खलासी को मामूली चोट लगी।
घटना के बाद आसपास के जुटे लोगों ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। बेल्डुहा गांव निवासी प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य अखंड बहादुर पाल ने बताया कि गोरखपुर ले जाते समय रास्ते में ही रोहित शर्मा की मौत हो गई।