संतकबीरनगर। स्वॉट टीम टीम और मेंहदावल पुलिस की टीम ने बाराखाल तिराहे के
पास से चोरी की बाइक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर
पुलिस ने चोरी की सात और बाइकों को बरामद किया।
पूछताछ में युवक ने एक साथी के साथ मिलकर गोरखपुर से बाइकों को चुराकर बेचने के लिए छिपाने की बात स्वीकार की।एसपी
वीपी श्रीवास्तव ने बताया कि स्वॉट टीम के प्रभारी सुधीर सिंह सहयोगियों
के साथ मेंहदावल क्षेत्र में अपराधियों की धरपकड़ में गए थे।
तभी सूचना
मिली कि एक वाहन चोर वाहनों की खरीद-फरोख्त के लिए मेंहदावल की तरफ आ रहा
है। इस पर टीम ने तत्काल मेंहदावल के एसएसआई ब्रह्मा गौड़ को सूचना देकर
बुला ली।
टीम ने बाराखाल के पास घेरेबंदी करके एक युवक को बाइक के साथ
गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में युवक की पहचान प्रेमचंद्र गुप्ता निवासी
पनियरा निकट टैक्सी स्टैंड थाना पनियरा जिला महराजगंज के रूप में हुई। उसके
पास से मिली बाइक चोरी की निकली।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि ग्राम
घोरकटा के पोखरे के पास स्थित खंडहर में उसने चोरी की सात बाइकों को छिपा
कर रखा है। बस्ती से कुछ लोग गाड़ियों को खरीदने के लिए आने वाले थे।
इसी
सिलसिले में वह जा रहा था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर बताए गए स्थान
से चोरी की सात और बाइकों को बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में उसने मनोज
शर्मा निवासी मानीराम थाना चिलुआताल जनपद गोरखपुर के साथ मिल कर गोरखपुर और
अन्य जनपदों से उसने बरामद बाइकों को चुराईं थी। गोरखपुर जिले के गुलरिहा
थाने से मनोज शर्मा वाहन चोरी के मामले में जेल भेजा गया था। वह वर्तमान
में जेल में बंद है।
जबकि प्रेमचंद्र गुप्ता महाराजगंज कोतवाली से जाली नोट
के मामले में जेल जा चुका है। गोरखपुर के निवासी एआरटीओ कार्यालय के एक
दलाल के माध्यम से फर्जी कागजात तैयार कराकर बाइकों को वह बेचता था।
मेंहदावल
पुलिस ने बरामद गाड़ियों के मामले में प्रेमचंद्र और मनोज शर्मा के खिलाफ
केस दर्ज किया है। वहीं एसपी ने चोरी की गाड़ियाें की बरामदगी करने वाली
टीम को साढ़े तीन हजार रुपये का ईनाम दिया है।