बखिरा क्षेत्र के राजेडीहा बाजार में बृहस्पतिवार की रात चोरों ने पांच घरों में चोरी की वारदात की। तीन घरों में दरवाजा तोड़ कर और दो घरों में सेंधमारी करके चोर अंदर घुसे थे। एक जगह पीड़ित के परिवार वाले जाग गए, इसकी वजह से चोर भाग निकले। चोर पीड़ितों के घरों से नकदी, सोने चांदी के जेवरात और वर्तन उठा ले गए। पीड़ितों ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी है।
राजेडीहा में हृदयनाथ की जलपान की दुकान है। चोर उनके घर के पीछे का दरवाजा तोड़ कर अंदर घुस गए और छह हजार नकदी और गहने उठा ले गए। इसी तरह राकेश गुप्ता के घर में भी उसी तरह से चोर अंदर घुसे और पीतल के वर्तन चुरा ले गए। चोर ओमप्रकाश जायावाल के घर से पंद्रह हजार नकदी और दो मोबाइल और पांच अदद सोने के गहने और पीतल के वर्तन चुरा ले गए। चौथी जगह चोर अली हुसेन के घर के पीछे नकब लगा कर चोर अंदर घुसे और दो हजार नकदी तथा चांदी के कुछ आभूषण चुरा ले गए। पांचवी जगह चोर राजेश के घर को निशाना बनाने की कोशिश किए।
इनके घर में सेंधमारी करके अंदर घुसे लेकिन तभी घर के सदस्य जाग गए। इससे चोर भाग निकले। एक ही रात राजेडीहा में पांच घरों में हुई चोरी की घटना से कस्बे के लोग भयभीत है। एसओ शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि अभी घटना के संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर जल्द ही वर्कआउट कर दिया जाएगा।