पुराने आैद्योगिक नगर में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष श्याम करन सिंह के घर में हुई चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान।
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। शहर के मुखलिसपुर रेलवे क्रासिंग के दक्षिण औद्योगिक नगर में स्थित भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष के घर को चोरों ने निशाना बनाया। खाली घर का ताला तोड़ कर अंदर घुसे चोर इलेक्ट्रानिक्स सामान और जेवर समेत लाखों का सामान उठा ले गए। सूचना पर शनिवार को पहुंची पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल की।
कोतवाली क्षेत्र के किड़हिरिया गांव निवासी एवं भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष श्यामकरन सिंह का खलीलाबाद के औद्योगिक नगर वार्ड में मकान है। यहां उनकी दो बहू और दो पौत्र रहते हैं। पूर्व जिलाध्यक्ष के भतीजे की शादी थी, जिसकी वजह से 15 फरवरी की शाम को मकान में ताला बंद करके परिजन गांव चले गए थे। भतीजे की बारात बरेली गई थी।
बारात वापस होने के बाद शनिवार को परिजन औद्योगिक नगर वार्ड में स्थित मकान पर पहुंचे तो देखा कि घर की कुंडी टूटी हुई है। पूर्व जिलाध्यक्ष के पौत्र संजय सिंह ने बताया कि घर केे अंदर रखा दो एलईडी, लैपटॉप, डेक्सटॉप, महंगी 15 अदद साड़ियां और सोने का मंगलसूत्र, झुमका, चेन और अंगूठी आदि करीब ढाई लाख से अधिक कीमत का सामान गायब है।
घटना की खबर पर आसपास के लोग जुट गए और बाद में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पूर्व जिलाध्यक्ष श्यामकरन सिंह ने बताया कि खाली मकान पाकर चोर दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर घुस गए और काफी सामान घर से उठा ले गए। पीड़ित पूर्व जिलाध्यक्ष ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाल कमला यादव ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है। जल्द ही चोरी की घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।