धर्मसिंहवा गांव के एक युवक ने बहन को पेट में चाकू घोंप कर मार डाला। रोकने की कोशिश पर बुजुर्ग महिला और एक अन्य युवक को भी चाकू के वार से जख्मी कर दिया। गांव के लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
बहन की जान लेने के आरोपी का नाम रोहित है। बताते हैं कि धर्मसिंहवा निवासी रोहित (22) ने बहन गायत्री(18) पर चाकू से उस वक्त हमला बोला जब वह शुक्रवार सुबह शौच से वापस लौट रही थी। आंगनबाड़ी केंद्र से कुछ दूरी पर हुई यह घटना देखकर बुजुर्ग महिला रामजी और कृष्ण उर्फ किशन नामक युवक ने आरोपी को रोकना चाहा तो उसने दोनों को चाकू के वार से जख्मी कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने बमुश्किल रोहित को काबू कर चाकू छीना और पुलिस को सुपुर्द करने तक रस्सी से बांधे रखा। पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल भेजा, जहां से दोनों गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिए गए।
गायत्री की जान मौके पर ही चली गई थी। गायत्री के पिता लालचंद पटवा ने बेटे रोहित के खिलाफ बेटी की हत्या और दो अन्य के हत्या के प्रयास का केस दर्ज कराया है। रोहित चप्पल बेचने का काम करता है। एसपी विक्रमादित्य सचान ने बताया कि शुरुआती जांच व रोहित के बयान से गायत्री के किसी युवक से प्रेम संबंधों की बात सामने आई है। माना जा रहा है कि बहन के इस कदम को परिवार की आन के खिलाफ मानकर रोहित ने उसकी जान ले ली।