धनघटा तहसील दिवस में बुधवार को पहुंचे घोरांग गांव के लोगों ने जमकर हंगामा मचाया। काफी संख्या में महिलाएं एवं पुरुषों ने एसडीएम को घेरने का जब प्रयास किया तो पुलिस वालों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। जिस पर गांव वालों की पुलिस से झड़प भी हुई। लोगों का आरोप था कि कोटेदार के खिलाफ कई बार तहसील दिवस में प्रार्थना पत्र दिया गया, लेकिन अधिकारी कोई कार्रवाई नहीं कर रहे है। एसडीएम के आदेश पर पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर जब थाने पहुंची तो भीड़ थाना घेर लिया। लोगों के दबाव पर पुलिस ने दोनों को छोड़ दिया।
सजन लाल, सत्यप्रकाश, धनजंय सिंह, रामबृक्ष, ताज मुहम्मद, लक्ष्मीकांत आदि का आरोप था कि गांव में दो कोटेदार है। दोनो दो माह से राशन का वितरण नहीं किए है। इसकी शिकायत तहसील दिवस पर की गई थी, लेकिन अभी तक कोटेदार के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। सैकड़ों की संख्या में पहुंचे गांव के लोगों का गुस्सा तहसील दिवस में साफ झलका। तहसील परिसर से नारा लगाते हुए ग्रामीण तहसील दिवस सभागार में पहुंच गए जहां एसडीएम बैठ कर फरियाद सुन रहे थे। महिलाएं जब एसडीएम की तरफ बढ़ी तो पुलिस ने उन्हें रोकने लगी।
काफी देर तक पुलिस और गांव वालों के बीच झड़प हुई, उसके बाद गांव के लोग बाहर चले आए। एसडीएम के आदेश पर पुलिस ने सजनलाल व धनजंय सिंह को हिरासत में ले ली। जिससे नाराज गांव के लोग थाने पर पहुंच गए और वहा भी हंगामा खड़ा कर दिए। दबाव बढ़ता देख कर पुलिस ने हिरासत में लिए गए दोनों लोगो को छोड़ दी, तब जाकर गांव वाले वापस लौटे।