तंत्र विद्या से कष्ट दूर करने का झांसा देकर जेवर उड़ाए
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। विज्ञान की प्रगति के बावजूद आम लोगों के मन में अंधविश्वास की जड़ें इतनी गहरी हैं कि वे समस्या का समाधान जादू-टोना में खोजने से बाज नहीं आ रहे हैं। भले ही बाद में पछताना पड़े। ऐसी ही एक घटना शुक्रवार को खलीलाबाद कस्बे की सब्जी मंडी में हुई। एक महिला को कथित तांत्रिक युवक और उसके चेले ने सारे कष्ट दूर करने का आश्वासन देकर गहने ले लिया और 84 कदम बिना पीछे मुड़े आगे चलने को कहा। इस दरम्यान ठग महिला का जेवर लेकर फरार हो गए।
शहर के पुरानी सब्जी मंडी की रहने वाली बबिता कसौधन शुक्रवार दोपहर में पैदल ही डॉक्टर की क्लीनिक की तरफ जा रही थीं। किशोर धर्मशाला के पास अचानक एक युवक महिला को मिला और उसे चिंतित और परेशान बताते हुए बातचीत करने लगा। बबिता के अनुसार युवक ने भविष्य और वर्तमान भी बताना शुरू कर दिया। तब तक उसका दूसरा साथी भी आ गया। ठगों ने बबिता को बातों में उलझा लिया और धूप मंगाकर वहीं पलभर में सारे संकट खत्म करने का दावा किया। ठगों पर विश्वास कर बबिता बिना कुछ समझे दुकान से धूप खरीदकर ले आई और उनके कहे अनुसार तीन अंगूठी, चार कंगन और सोने की चेन निकालकर दे दिया। ठगों ने महिला बिना पीछे मुड़े 84 कदम आगे चलने को कहा। जब महिला पीछे पलटी तो दोनों गहने लेकर चम्पत हो चुके थे। महिला रोने लगी तो अगल-बगल के लोग जुटे और वाकया सुनकर दंग रह गए। कुछ देर बाद घटना की जानकारी होने पर सीओ सदर रमेश कुमार मौके पर पहुंचे। महिला और आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद उसे रास्ते की दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों का फुटेज देखा गया। सीओ सदर रमेश कुमार ने बताया कि महिला ने ठगों का जो हुलिया बताया है उससे मिलते जुलते एक बाइक पर सवार दो लोगों की तस्वीर सब्जी मंडी की एक सीसीटीवी के फुटेज में दिखा है। छानबीन शुरू की गई है।