उमिला गांव में खुशी के रोते-बिलखते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। कोतवाली क्षेत्र के पड़ोखर गांव में ननिहाल आई दो मासूम मौसेरी बहनों रिया (6) और खुशी (4) की सोमवार रात मौत हो गई। बच्चियों की नानी ने पट्टीदारों पर खीरे में जहर देकर मारने का आरोप लगाया है। इस मामले में पुलिस ने मां-बेटी समेत तीन पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस की रिपोर्ट पर दो डॉक्टरों के पैनल ने शवों का पोस्टमार्टम किया। फिलहाल पीएम रिपोर्ट नहीं मिली है।
पड़ोखर निवासी मरजादी देवी ने बताया कि उनकी बेटी सुमन की शादी गोरखपुर जिले के सहजनवा क्षेत्र के पाली गांव निवासी राजेश कुमार के साथ हुई है। दूसरी बेटी मधुबाला की शादी कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के उमिला गांव निवासी दिलीप कुमार के साथ हुई है। सुमन की पुत्री रिया दो साल से ननिहाल में ही रहकर पढ़ाई कर रही थी।
जबकि दूसरी बेटी मधुबाला के साथ उसकी पुत्री खुशी दो माह पूर्व उनके घर आई थी। सोमवार की शाम दोनों मौसेरी बहनें रिया और खुशी दरवाजे के पास खेल रही थीं। आरोप है कि उनके पट्टीदार जिलाजीत से उनका जमीन संबंधी विवाद चल रहा है। उसी विवाद की वजह से खुन्नस निकालने के लिए जिलाजीत की पत्नी मीरा, बेटी सीमा और बेटे दुर्गेश ने रिया और खुशी को खीरे में विषाक्त पदार्थ मिलाकर खिला दिया।
शाम सात बजे के करीब दोनों मौसेरी बहनों को अचानक उल्टी होने लगी तो परिजन परेशान हो गए। आननफानन में दोनों को टेंपो से जिला अस्पताल ले जाने लगे तभी रास्ते में ही रिया की मौत हो गई। जिला अस्पताल पहुंचते-पहुंचते खुशी ने भी दम तोड़ दिया। मरजादी देवी ने पुलिस को तहरीर देकर पट्टीदार जिलाजीत की पत्नी, बेटी और बेटे पर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल वीरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि मौसेरी बहनों की मौत के मामले में मां-बेटी समेत तीन लोगों पर हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
मासूम मौसेरी बहनों की मौत की घटना गंभीर है। इस मामले में आरोपियों पर हत्या का केस दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट हो जाएगी। उसके बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। - शैलेश कुमार पांडेय, एसपी