धनघटा क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली विवाहिता के साथ रविवार रात गांव के ही युवक ने तमंचा सटाकर दुष्कर्म किया। घटना की जानकारी होने पर विवाहिता के घर वाले सहम गए। परिवार के लोग सोमवार को विवाहिता को लेकर थाने पहुंच गए और तहरीर देकर युवक के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की।
विवाहिता का आरोप था कि वह रविवार रात नित्य क्रिया कर्म के लिए गांव के बाहर गई हुई थी। उसी समय गांव निवासी एक युवक पहुंचा और उसे पकड़ लिया। युवक ने उसकी कनपटी पर कट्टा सटा दिया। उसके बाद युवक ने उसके साथ जबरन बलात्कार किया।
जाते- जाते यह भी धमकी दी कि अगर यह बात किसी को बताएगी तो उसे जान से मार डालेगा। पीड़िता घर पहुंच कर पति समेत परिवार के अन्य लोगों को आपबीती सुनाई तो उनके होश उड़ गए। सोमवार को पीड़ित पक्ष के लोग थाने पर पहुंचे और तहरीर देकर केस दर्ज किए जाने की मांग की।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपी पक्ष के लोग काफी संपन्न और प्रभावशाली है। वे लोग सुलह समझौता करने की धमकी भी दे रहे है। एसओ सबाहुद्दीन ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।