दुधारा पुलिस ने पशु तस्कारों को पकड़ कर जेल भेजा।
- फोटो : अमर उजाला
सेमरियावां। पशु तस्करों के विरुद्ध चलाए गए अभियान में दुधारा पुलिस ने रविवार को क्षेत्र के ग्राम करमा खुर्द में एक घर से पशु और मांस के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की सख्ती से पशु तस्करों में खलबली मच गई है।
एसओ दुधारा करुणाकर पांडेय ने बताया कि रविवार की सुबह सूचना के आधार पर क्षेत्र के करमा खुर्द गांव में सहयोगी एसआई अनिल कुमार, कांस्टेबल अनिल कुमार, कांस्टेबल रविशंकर और धर्मेंद्र के साथ छापेमारी की। पुलिस को देख कर तस्करों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
पकड़े गए लोगों की पहचान शमसुद्दीन पुत्र माजूर और मुमताज पुत्र अब्दुल निवासी गण करमा खुर्द के रूप में हुई। इसके साथ ही पुलिस ने 48 किलोग्राम प्रतिबंधित मांस और वध के लिए बांध कर रखे गए चार पशु बरामद किया। साथ ही चार अदद चाकू और एक अदद गुप्ती भी मिली।
पशुओं को कब्जे में लेकर दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध गोवध अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत करके उन्हें जेल भेज दिया। दुधारा पुलिस के जरिए पिछले कई दिनों से पशु तस्करों के खिलाफ मिल रही सफलता से तस्कर सकते हैं। एसओ करुणाकर पांडेय ने पशु तस्करों को चेतावनी दी कि वे अपनी हर कतों से बाज आएं अन्यथा वे पुलिस की गिरफ्त से बच नहीं पाएंगे।
तीन पशु बरामद, तस्कर भागे
बखिरा। शनिवार की रात क्षेत्र के कम्हरिया गांव स्थित पुल के निकट से पुलिस ने तीन पशुओं को बरामद किया। जबकि तस्कर भागने में सफल रहे। पुलिस ने अज्ञात तस्करों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। एसआई असलम खां ने बताया कि गश्त के दौरान मिली सूचना के आधार पर कम्हरिया पुलिया के निकट पशुओं के साथ गुजर रहे दो लोगों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन अंधेरे का लाभ उठाते हुए तस्कर पशुओं को छोड़कर भाग गए।