मंझरिया की महिलाओं ने विधायक से की शिकायत
- फोटो : अमर उजाला
पौली क्षेत्र में मंगलवार की सुबह अगलगी के दौरान दमकल वाहन के चाल की पिटाई और वाहन क्षतिग्रस्त किए जाने के मामले में पुलिस आरोपियों की धरपकड़ में जुटी है। वहीं शुक्रवार को मंझरिया गांव की महिलाओं ने विधायक से मिलकर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। आरोप है कि रात में पुलिस उनके घर पहुंच कर गाली गलौज देने के साथ ही तोड़फोड़ भी कर रही है। एक महिला ने मोबाइल ले जाने का भी आरोप मढ़ा है।
शुक्रवार को पौली क्षेत्र के परसहर गांव में सहभोज कार्यक्रम में शामिल होने गए विधायक श्रीराम चौहान से मिलकर मंझरिया गांव निवासी नयरा खातून ने आरोप मढ़ा कि रात में पुलिसकर्मी उसके घर आए और घर पर मौजूद महिलाओं को भद्दी भद्दी गाली देते हुए मोबाइल उठा ले गए। चंद्रफूला का आरोप है कि पुलिस उसनेघर का दरवाजा तोड़कर घर में घुसी और तलाशी ली।
इसी तरह तालमून निशा, बीमला गौड, मीना, संगीता, हसीना खातून, इंद्रवासनी, दुर्गावती, राजमती, सीमा आदि का आरोप है कि घटना के समय उनके परिवार का कोई सदस्य वहां मौजूद भी नहीं था, लेकिन पुलिस के भय पुरुष घर छोड़कर भागे हुए है। घर पर केवल महिलाएं है, इसके बाद भी पुलिस वहां पहुंचकर तांडव कर रही है। विधायक श्रीराम चौहान ने महिलाओं को आश्वसन दिया कि पुलिस किसी भी निर्दोष को नहीं पकडे़गी। लोग अपने अपने घरों पर रहें । जबकि दूसरी तरफ एसओ जे एन तिवारी ने बताया कि पुलिस चार लोगों को पकड़ कर जेल भेजने के बाद उस गांव में गई ही नहीं गई है। पुलिस पर दबाव बनाने के लिए इस तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं। इस मामले में जो लोग आरोपी है, उन्हीं की तलाश की जा रही है।