मार्ग दुर्घटना में युवक की मौत पर रोते बिलखते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूूराो
संतकबीरनगर। धनघटा-खलीलाबाद मार्ग पर देवरिया गंगा चौराहे पर रविवार को प्राइवेट बस की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोग जुट गए और सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने प्राइवेट बस को कब्जे में ले लिया और तामेश्वरनाथ पुलिस चौकी पर ले गई।
कोतवाली क्षेत्र के बिसरापार गांव निवासी 22 वर्षीय गौतम पुत्र रामधनी रविवार को दोपहर में घर से बाइक से देवरिया गंगा चौराहे पर किसी काम से गए थे। उसी दौरान सामने से धनघटा की ओर जा रही एक प्राइवेट बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आस-पास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर तामेश्वरनाथ चौकी के पुलिस कर्मी भी पहुंच गए और प्राइवेट बस को कब्जे में ले लिया। जबकि कांस्टेबल विश्वनाथ यादव और हेड कांस्टेबल मोकरध्वज ने घायल गौतम को टेंपो से जिला अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टरों ने देखते ही गौतम को मृत घोषित कर दिया। थोड़ी ही देर में घर वाले भी जिला अस्पताल पहुंच गए। भाई जितेंद्र का आरोप है कि प्राइवेट बस के चालक ने तेज गति और लापरवाही पूर्वक बस चलाते हुए बाइक सवार गौतम को सामने से टक्कर मार दी।
जिससे उसके भाई की मौके पर ही मौत हो गई। तामेश्वरनाथ चौकी इंचार्ज राजेश गुप्ता ने बताया कि जितेंद्र की तहरीर पर प्राइवेट बस के चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। प्राइवेट बस पुलिस के कब्जे में है। जबकि उसमें सवार लोग दूसरे वाहन से अपने गंतव्य को रवाना हो गए।