धनघटा थाना क्षेत्र के टाईनी शाखा पौली के संचालक से घटना के बारे में पूछताछ करते एसपी।
- फोटो : अमर उजाला
हैंसर। ग्राहक सेवा केंद्र के कैशियर को बीते गुरुवार को दिनदहाड़े गोली मारकर लूटने वाले बदमाशों का सुराग पुलिस अब तक नहीं लगा पाई है। इलाके के लोगों को इंतजार है कि पुलिस जल्द से जल्द इस घटना के आरोपियों को पकड़कर वारदात का पर्दाफाश करे।
पौली पुलिस चौकी के करीब गुरुवार को सरेराह बाइक सवार दो बदमाशों ने सेंट्रल बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र के कैशियर संजीव को गोली मारकर दो लाख 53 हजार रुपये लूूट लिए थे। इस वारदात से पहले रुपिन के पास गोरखपुर हुमायूंपुर निवासी सेल्समैन नृपेंद्र पांडेय से लूट मेें विफल बदमाशों ने उनको गोली मारकर घायल कर दिया था।
सूत्रों के मुताबिक पुलिस कयास लगा रही है कि बदमाश गोरखपुर के मांझा से जुडे़ किसी गांव के निवासी हो सकते हैं। यही नहीं, पुलिस मांझा से जुड़ने वाले अंबेडकरनगर, आजमगढ़, बस्ती जिलों में भी बदमाशों की तलाश कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बाइक चला रहा बदमाश तो हेलमेट लगाए था जिससे उसका चेहरा नहीं देखा जा सका लेकिन उसके पीछे बैठे बदमाश का मुंह खुला हुआ था और चेहरा इस इलाके के लिए अपरिचित था। लोग उसकी उम्र भी 20-22 वर्ष बता रहे हैं। वारदात का पर्दाफाश करने के लिए पुलिस के उच्चाधिकारी भी लगातार मॉनीटरिंग कर रहे हैं। एसओ प्रदीप सिंह का कहना है कि जल्द ही बदमाश पुलिस की गिरफ्त में होंगे।