महुली क्षेत्र के कड़सरा गांव में मंगलवार को तालाब के किनारे स्थित भीटे की जमीन पर कब्जेदारी को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर लाठियां चलीं। जिससे दोनों पक्षों के नौ लोग घायल हो गए। घायलों में पांच महिलाएं हैं।
कड़सरा गांव में स्थित एक पोखरे के किनारे टीले की जमीन को लेकर दो पक्षों में वर्षों से रंजिश है। मंगलवार को उसी जमीन पर कुछ लोगों ने भूमि कब्जाने की कोशिश की। जिसका दूसरे पक्ष ने विरोध किया। कहासुनी से शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। इस दौरान लाठियां भी चलीं। इससे एक पक्ष की राजपति पत्नी रामदास, रामदास पुत्र जगई, कमलावती पत्नी रामदत्त, सितारा देवी पत्नी रामभवन एवं रामभवन पुत्र रामदत्त घायल हुए। जिनमें 70 वर्षीय राजमति और 50 वर्षीय कमलावती की हालत गंभीर बताई गई।
दूसरे पक्ष से पिंटू पुत्र लालधर, सच्चिदानन्द पुत्र शोभनाथ, प्रेमलता पुत्री शोभनाथ और इसरवता पत्नी रामचन्दर के घायल हुए। इंसपेक्टर शिवबरन यादव ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए सीएचसी नाथनगर भेजवा दिया गया है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।