कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को छापेमारी कर कसाई मंडी में एक घर से दो लोगों को गाय काटते हुये रंगे हाथों पकड़ लिया। इस दौरान तीन अन्य फरार हो गए। पुलिस ने मौके से लगभग सवा क्विंटल गोमांस व मवेशी काटने के औजार बरामद किए। पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम की धाराओं में कार्रवाई की है। आगे इन सभी पर गैंगस्टर
लगाने की भी पुलिस तैयारी कर रही है। कोंच में मवेशियों की कटान का एक भी लाइसेंस पालिका द्वारा जारी ना किए जाने के बावजूद रोजाना यहां बड़े पैमाने पर गोवध की शिकायतें मिलती रहती हैं। इसको लेकर गोरक्षा सेवा समिति के कार्यकर्ताओं ने दो दिन पूर्व यहां बड़े आंदोलन की धमकी भी दी थी। संघ ने बीफ के इस अवैध कारोबार को पुलिस की मिलीभगत बता
कर पुलिस कार्यशैली पर भी सवाल उठाया था। आरोपों में घिरी पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। मंगलवार सुबह पुलिस को गाय काटे जाने की सूचना मिलते ही सीओ अवधेश कुमार शुक्ल और कोतवाल शिवमोहन प्रसाद के नेतृत्व पुलिस टीम कसाई मंडी पहुंच गई। यहां अन्नू खन्ना का घर घेर लिया। पुलिस जब घर के अंदर पहुंची तो उसके भी रोंगटे खड़े हो गए।
एक गाय को पूरी तरह काटा जा चुका था। पुलिस की दबिश पड़ते ही वहां मौजूद तीन लोग तौफीक पुत्र अन्नू खन्ना, झुंडा उर्फ असगर पुत्र मनोज कुरैशी व इरफान पुत्र अन्नू खन्ना निवासी आराजी लेन कसाई मंडी फरार हो गए। वहीं, दो व्यक्ति जावेद पुत्र इकबाल व कल्ला पुत्र नूरे को पुलिस ने दबोच लिया। मौके से लगभग सवा कुंतल गोमांस व मवेशी काटने के
तमाम औजार भी बरामद हुए जिन्हें पुलिस थाने ले आई है। मांस का नमूना परीक्षण के लिए भरने के बाद बरामद मांस को पुलिस ने जमीन में दफना दिया। पांचों आरोपियों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम में कार्यवाही की गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी व उनके खिलाफ गैंगस्टर आयद करने की भी बात कही है।
गोवध में लिप्त लोगों पर लगेगा गैंगस्टर-सीओ
सीओ ए.के शुक्ल ने कहा कि जो भी गोवध जैसे गंभीर अपराध में पकड़ा जाएगा या लिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ सम्यक धाराओं में एफआईआर दर्ज कर गैंगस्टर की कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि इलाके में गाय या गोवंश की कटान कतई नहीं होने दी जाएगी। कोतवाल शिवमोहन प्रसाद ने भी कहा है गो तस्करों और कटान करने वालों पर पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।