मगहर (संतकबीरनगर)। खलीलाबाद कोतवाली के अंतर्गत स्थित रैना पेपर मिल में शुक्रवार को पानी के टैंकर में गिरने से मजदूर की मौत हो गई। इसको नाराज परिजनों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। इससे आवागमन प्रभावित हो गया। मौके पर पुलिस विभाग के अफसर पहुंच गए। उन्होंने किसी तरह समझा-बुझाकर जाम हटवा दिया। परिजनों ने पेपर मिल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाकर मुआवजे की मांग की है।
बयारा निवासी रोहित यादव पुत्र जयमंगल (30) रैना पेपर मिल में चार सालों से काम कर रहा है। शुक्रवार की रात दूसरे शिफ्ट में काम करने के दौरान नौ बजे मिल परिसर में ही टैंकर में फिसलकर गिर गया। लोग जब तक समझ पाते तब तक उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही भाई विजय यादव, ग्राम प्रधान छोटे लाल यादव सहित गांव के अन्य लोग हाईवे पर जाम लगा दिए। इससे यातायात प्रभावित हो गया।
मौके पर एसपी समेत कई अफसर पहुंच गए। उन्होंने लोगों को समझाबुझाकर जाम हटवा दिया। परिजनों ने मिल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। हालांकि मिल प्रबंधतंत्र का कहना है टैंकर पर जाली लगी है। रोहित ने जाली हटा दी थी। इसके चलते वह गिर गया।
हालांकि परिजनों का कहना है कि मिल में कोई सुरक्षा न होने से ऐसा हुआ है। टैंकर में केमिकल था। रोहित मिल के कागज जलाने वाली इकाई में काम करता था। मौत से घर में शोक की लहर है। पत्नी लीलावती, बच्चे सूरज, विकास और मुखर्जी का रो-रोकर बुरा हाल है। एसपी असित श्रीवास्तव का कहना है कि मजदूर की मौत की जांच की जा रही है।