नगर पंचायत मेंहदावल स्थित एसबीआई शाखा में रविवार रात शॉर्ट सर्किट से स्टोर रूम में आग लग गई। जिससे दो कंप्यूटर, सीपीयू, दो एसी मशीन आदि उपकरण जल गए। सोमवार सुबह बैक खुलने पर कर्मियों को घटना की जानकारी हुई। आग की घटना के कारण बैंक सिस्टम पूरी तरह प्रभावित हो गया, इस कारण कोई लेन देन नहीं हुआ। जिससे उपभोक्ता परेशान रहे। वहीं शाखा प्रबंधक प्रेमालाल की सूचना पर सिस्टम इंजीनियर बैंक पर पहुंच गए और नुकसान का जायजा लिया।
शाखा प्रबंधक ने बताया कि सोमवार को सफाई करने के लिए राजेश ने जैसे ही शाखा का ताला खोला तो उसे प्लास्टिक के जलने की महक महसूस हुई। प्रवेश द्वार से जुड़े हाल में कोई भी जली सामग्री उसे नहीं दिखी तो उसने शाखा प्रबंधक को सूचना दी। सूचना के बाद वे अन्य बैंक कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। जहां स्टोर रूम में आग लगने और पूरा सिस्टम जल जाने की घटना की जानकारी हुई। स्टोर रूम धुएं की वजह से काला पड़ गया था। आग लगने की वजह से शाखा का सर्वर भी काम करना बंद कर दिया था। शाखा प्रबंधक ने तत्काल इसकी सूचना एसबीआई के सभी उच्चाधिकारियों को दी। आग की घटना से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए एसबीआई से टाईअप डाटा सिस्टम कंपनी के इंजीनियर भी मौके पर पहुंच गए।
शाखा प्रबंधक ने बताया कि सिस्टम इंजीनियर ने जांच पड़ताल के बाद जानकारी दी है कि चूूहों के जरिए तार काट देने की वजह से स्पार्किंग हुई और शार्ट सर्किट से आग लग गई। जिससे स्टोर रूम का पूरा सिस्टम जल कर गया। सिस्टम को ठीक करने में दो दिन का वक्त लगेगा। ऐसे में तब तक लेन-देन नही हो सकेगा। इधर खाताधारक शांति देवी, शोभा देवी, रूपम, राकेश कुमार, धर्मेंद्र कुमार, सरवरेआलम, जाहिद अली ने कहा कि बैंक की शाखा पर पहले कैश की किल्लत बताई जा रही थी,अब स्टोर रूम में आग लगने की घटना हो गई है। उपभोक्ताओं को भुगतान नहीं मिल पाने से बेहद परेशानी हो रही है।