विकास खंड बघौली के ग्राम बेला में गुरुवार की रात में करीब सात बजे एक व्यक्ति की झोपड़ी में लगी आग से घर में रखे हजारों के सामान जलकर राख हो गए। आग की इस घटना से गरीब परिवार का चारपाई, कपड़ों समेत सबकुछ जल गया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
ग्राम पंचायत आंटा कलां के राजस्व गांव बेला में गुरुवार की रात करीब सात बजे अब्दुल मुत्तलिब की झोपड़ी आग लग गई। उस समय अब्दुल मुत्तलिब की पत्नी घर के अंदर ही भोजन बना नही थी। साथ ही झोपड़ी में ही उसके सभी नौ बच्चे मौजूद थे। घर में अचानक भड़की आग को देख कर अब्दुल मुत्तलिब की पत्नी अपने बच्चों के साथ किसी तरह जान बचा कर बाहर निकली और शोर मचाने लगी।
शोर सुनकर मौके पर ग्रामीण एकत्रित हो गए। जब तक लोग आग पर काबू पाते आधे घंटे के अंदर ही पूरी झोपड़ी जल चुकी थी। अब्दुल मुत्तलिब ने बताया कि आग की इस घटना से घर में रखा नकदी, परिवार के सदस्यों के कपड़, बिस्तर, चारपाई, बक्से में रखे सामान और अनाज समेत सबकुछ जल कर समाप्त हो गया।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्राम प्रधान और सपा युवजन सभा के प्रदेश सचिव एखलाक अहमद ने पीड़ित परिवार की आर्थिक मदद किया। उन्होंने बताया कि हमने मुत्तलिब को कल बुलाया है, उन्हें अनाज दिया जाएगा ताकि उसके परिवार को खाने-पीने की समस्या न हो। उन्होंने बताया कि पीड़ित की झोपड़ी भी हम शीघ्र ही दोबारा बनवा देंगे। उन्होंने बताया कि हल्का लेखपाल को भी तुरंत मौके पर बुलाया गया है, पीड़ित को सरकारी योजनाओं से भी सहायता दिलाई जाएगी।