दुधारा थाना के रक्सा कला गांव में अब्दुल हलीम के घर पर लगी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
बाघनगर। आंधी-बारिश के दौरान सोमवार की शाम पेड़ की डाली टूट कर सिर पर गिर जाने से क्षेत्र के रक्साकला गांव में एक किसान की मौत हो गई। सूचना पर मंगलवार को राजस्व और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सोमवार की शाम को रक्सा कला गांव के सीवान में कंबाइन से गेहूं की फसल की मडाई हो रही थी। रक्साकला गांव निवासी 55 वर्षीय अब्दुल हलीम पुत्र विफई भी कंबाइन से गेहूं की फसल कटवाने के लिए गए थे। आंधी देख वह साइकिल से घर लौट रहे थे। घर से करीब दो सौ मीटर की दूरी पर रास्ते में साइकिल की चेन उतर गई।
चेन सही करते समय शीशम के पेड़ की डाल टूट कर अब्दुल हलीम के ऊपर गिर गई और वह घायल हो गए। चीख-पुकार पर पहुंचे परिजनों व गांव वालों की मदद से उन्हें बस्ती जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने घायल अब्दुल हलीम को लखनऊ रेफर कर दिया।
लखनऊ ले जाते समय रास्ते में ही अब्दुल हलीम की मौत हो गई। शव को लेकर परिजन घर पहुंचे तो कोहराम मच गया। मंगलवार को कानूनगो सुधाकर पांडेय व राजस्व निरीक्षक विजय प्रताप पाल ने मौके पर पहुंच कर परिजनों से पूछताछ की की।
कानूनगो सुधाकर पांडेय ने बताया कि परिजनों को कृषक दुर्घटना बीमा योजना और आपदा राहत के तहत मदद मिलेगी। जबकि एसआई चंद्रभान सिंह ने बताया कि शव को पीएम के लिए दिया गया है। इस दौरान लेखपाल राकेश श्रीवास्तव, ग्राम प्रधान पति अल्ताफ हुसे न, रफीक, पल्लर, शमसा आदि ने पुहंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया।