बखिरा क्षेत्र के राजघाट पुल के निकट सोमवार की देर शाम एक सर्राफा के साथ हुई लूट की सूचना पुलिस की जांच में झूठी निकली।
एसओ दिनेश यादव ने बताया कि दुधारा क्षेत्र के मदरहा निवासी मनीराम वर्मा की हंसनी चौराहे पर सर्राफा की दुकान है। मनीराम ने सूचना दी कि वह सोमवार को बखिरा से कुछ जेवर लेकर दुकान पर गया था।
शाम के समय घर लौटते समय सुरसा चमनगंज जंगल के पास बाइक सवार दो युवकों ने घेर लिया और तमंचे के बल पर दो लाख के जेवर लूट लिए। जांच में बताया चला कि मनीराम सर्राफा दुकानदारों से नए माल लेकर बिक्री करता था। पुराने सामानों की मरम्मत भी करता था। हाल ही में उसके भाइयों में बंटवारा भी हुआ था। इससे उसकी माली हालत खराब हो गई थी।
दुकानदारों का बकाया धन हड़पने की नीयत से उसने लूट की मनगढंत कहानी रच दी। इसी तरह चार माह के भीतर पुलिस ने लूट दो झूठी सूचनाओं का पर्दाफाश किया। दोनों ही मामलों में सर्राफा कारोबारियों ने बकाया धन को हड़पने की नीयत से मनगढंत कहानी गढ़ी थी।