मानदेय न मिलने समेत अन्य मांगों को लेकर विद्युत मजदूर पंचायत के बैनर तले संविदा विद्युत कर्मियों ने सोमवार को एक्सईएन विद्युत के कार्यालय पर धरना दिया। धरने के बाद अपनी छह सूत्री मांगों को लेकर एक्सईएन को ज्ञापन दिया। इसके साथ ही संविदा कर्मियों ने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगे जल्द पूरी नहीं हुई तो पूरे जनपद में संविदा विद्युत कर्मी अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार करेंगे।
विद्युत मजदूर पंचायत के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने कहा कि जिस कंपनी ने संविदा विद्युत कर्मियों का ठेका लिया था उसका अनुबंध मई में समाप्त हो गया है। न ही संविदा कर्मियों को मानदेय मिल न ही ईपीएफ खाता खोला गया। संविदा समाप्त होने के बाद आज भी कर्मचारियों से काम लिया जा रहा है। किस आधार पर लिया जा रहा है संगठन को इसकी सूचना उपलब्ध कराई जाए।
27 मई को संविदा कर्मी कार्य बहिष्कार पर चले गए थे तो मानदेय भुगतान के लिए जेई, एसडीओ और अधिशासी अभियंता ने मुखलिसपुर फीडर पर आश्वासन दिया था कि एक जून तक मानदेय का भुगतान कर दिया जाएगा। पर आज तक मानदेय का भुगतान नहीं हुआ।
जिसकी सारी सूचना अधिशासी अभियंता को दी गई, पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। 20 माह से विद्युत संविदा कर्मियों को मानदेय नहीं मिला है। जिससे वे भुखमरी के कगार पर पहुंच गए हैं। अगर उनकी मांगे नहीं मानी गई तो सभी संविदा कर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल के लिए बाध्य होंगे। इस अवसर पर वशिष्ट मुनि मौर्य, श्रीराम यादव, हजरत अली, अब्दुल अंसारी, वाजिद अली, उमेश, सुभाष, विनीत, धर्मेद्र गुप्त, महेंद्र, सुभाष चं, मोहम्मद नसीम, सुल्तान श्याम लाल, हनुमान, मनोज, योगेंद्र, त्रियुगी, निरंजन समेत अन्य मौजूद रहे।