संतकबीरनगर। शहर के मोती तिराहे के निकट स्थित कारपारेशन बैंक में रविवार की भोर में शार्ट सर्किट से आग लग गई। बैंक में लगा अलार्म बजा तो लोग सतर्क हो गए। बैंक के पास पहुंचे लोगों ने अंदर से धुंआ निकलता देख कर फायर विभाग और पुलिस को सूचना दे दिया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस और फायर कर्मियों ने आग बुझाई।
आग की घटना में इलेक्ट्रानिक्स उपकरण और कुछ अभिलेख आदि जल गए। एफएसएसओ त्रिवेणी प्रसाद पांडेय ने बताया कि रविवार की भोर पांच बजे के करीब कारपारेशन बैंक के अंदर शार्ट सर्किट से आग लगी। लोगों की सूचना के दस मिनट के अदंर फायर की गाड़ी के साथ वह भी मौके पर पहुंच गए।
एएसपी असित श्रीवास्तव, कोतवाल वीरेंद्र बहादुर सिंह,गोला चौकी इंचार्ज राजकुमार पांडेय और आस-पास के लोग जुट गए। लोगों की मदद से आग पर काबू पा लिया और सूचना पर बैंक कर्मी भी पहुंच गए। शाखा प्रबंधक संतोष कुमार ने बताया कि शार्ट सर्किट से लगी आग से एसी, मेज और कुछ अभिलेख आदि जल गए हैं। यदि समय से आग नहीं बुझाई जाती तो काफी क्षति हो जाती।