कार और ट्रक में टक्कर, एक की मौत, छह घायल
- फोटो : अमर उजाला
हैंसर(संतकबीरनगर)। धनघटा-खलीलाबाद मार्ग पर रुपिन गांव के पास शुक्रवार सुबह बरात से लौट रही कार और ट्रक के बीच हुई टक्कर हो गई। कार सवार एक शख्स की मौत हो गई। तीन किशोर समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सीएचसी मलौली में प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। एक बालक की हालत नाजुक बनी हुई है। उसे पीजीआई लखनऊ ले जाया गया है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
धनघटा क्षेत्र के डेबरी गांव के पूर्व प्रधान अंगद यादव के भतीजे संजय की बृहस्पतिवार को शादी थी। बरात गोरखपुर जिले के सहजनवां के सीहापार गांव गई थी।
बरात में अंगद के जीजा (संजय के फूफा) दयाराम यादव निवासी अशरफपुर थाना धनघटा, 10 वर्षीय शिवम पुत्र अंगद निवासी डेबरी, 15 वर्षीय गुड़िया पुत्री रामअशीष, आठ वर्षीय अंशिका पुत्री रामू निवासी डेबरी, 22 वर्षीय शिवम सिंह पुत्र शिवमंगल सिंह निवासी सेमरी जिला गोंडा, 24 वर्षीय प्रियंका उर्फ खुशबू पुत्री दयाराम निवासी अशरफपुर और 45 वर्षीय सीमा पत्नी मनोज निवासी गोरखपुर गए हुए थे। शुक्रवार भोर में ये लोग कार से डेबरी गांव लौट रहे थे। खलीलाबाद-धनघटा मार्ग पर रुपिन गांव के पास कार और सामने से आ रहे ट्रक से आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में दयाराम की मौके पर मौत हो गई। घायल शिवम, गुड़िया, अंशिका, सीमा, शिवम सिंह और प्रियंका को रुपिन गांव के लोगों व पुलिसकर्मियों ने सीएचसी मलौली भिजवाया। शिवम सिंह की हालत नाजुक होने के चलते पीजीआई लखनऊ ले जाया गया है। शेष घायलों को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। धनघटा एसओ रणधीर मिश्र ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर दिया जाएगा।