शहर के बगहिया मोहल्ले में स्थित आठ गुमटियों का ताला शनिवार की रात तोड़ कर चोर उसमें रखा हजारो का सामान और कुछ नकदी उठा ले गए। रविवार को घटना की जानकारी होने पर पीड़ित भौचक रह गए और पुलिस को सूचना दी। पीड़ित सर्वजीत ने बताया कि बगहिया चौराहे पर गुमटी में वह किराने की दुकान चलाता है।
शनिवार की रात चोर उसकी गुमटी का ताला तोड़ कर रखा सामान उठा ले गए। इसके साथ ही रमेश,रामदुलारे,राम सवारथ,दूधनाथ,विवेक ,रवि,मनोज के गुमटियों के ताले टूटे हुए थे। चोर उनकी गुमटी के अलावा अन्य गुमटियों में रखा पान,मसाला, किराने का सामान,पंचर बनाने का सामान और कुछ नकदी चुरा ले गए। खबर पर कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। कोतवाल ने जल्द ही मामले का पर्दाफाश किए जाने का आश्वासन दिया।