स्वाट और बखिरा पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार को खैरवा पुलिया के पास से चार बदमाशों को गिरफ्तार किया। बदमाशों के पास से बिना नंबर की दो बाइक, एक तमंचा और 2500 रुपये बरामद हुए। बरामद एक बाइक चोरी की निकली। जबकि बरामद रुपये भी सहजनवां क्षेत्र में लूट की घटना में हिस्से में दो बदमाशों को मिले थे। एसपी शैलेष कुमार पांडेय ने बताया कि स्वाट टीम के प्रभारी संतोष तिवारी और चौकी इंचार्ज बखिरा राजकुमार पांडेय ने अपने सिपाहियों के साथ मिलकर सूचना के आधार पर खैरवा पुलिया के पास से घेरेबंदी करके चार बदमाशों को पकड़ा। बदमाशों के पास से सफेद रंग की बिना नंबर की दो अपाची बाइक मिली।
पूछताछ में पकड़े गए बदमाशों की पहचान सूरज सिंह निवासी सिंहटीकर, सूरज दूबे निवासी पिपरा थाना बखिरा और राजकुमार शर्मा व रामसिंह निवासी जाल्हेपार थाना सहजनवां जिला गोरखपुर के रूप में हुई। रामसिंह के पास से एक तमंचा ,कारतूस और 1000 रुपये, सूरज सिंह के पास से 1500 रुपये नकद मिले। बदमाशों ने बताया कि 27 जून को एक बाइक को सहजनवां क्षेत्र के माट टोला पुरवा से चुराया था। एसपी के मुताबिक बदमाश सूरज सिंह ने पूछताछ में बताया 13 जुलाई को सहजनवा क्षेत्र के तिलौरा के पास डिलेवरी वैन वालों से दस हजार रुपये छीने थे। उसी लूटे की बची रकम बरामद हुई है।
बदमाश सूरज सिंह के खिलाफ गोरखपुर के कैंट, चिलुआताल, सहजनवां और संतकबीरनगर के बखिरा थाने में एनडीपीएस, लूट के माल की बरामदगी, मारपीट ,तोड़फोड़, लूट, चोरी के सात मुकदमे दर्ज हैं। सूरज दूबे के खिलाफ गोरखपुर के पीजीगंज, कैंट, चिलुआताल, सहजनवां और संतकबीरनगर के बखिरा मे आर्म्स एक्ट, चोरी के माल बरामदगी, लूट,एनडीपीएस एक्ट, मारपीट तोड़फोड़ के आठ केस दर्ज हैं। बदमाशों ने यह भी बताया कि जनवरी में सहजनवां क्षेत्र में हुई तीन लाख की लूट की घटना को भी अंजाम दिया था।
पकड़े गए बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज करते जेल भेजा गया। जबकि पुलिस टीम में शामिल स्वाट टीम प्रभारी संतोष तिवारी, बखिरा चौकी इंचार्ज राजकुमार पांडेय, कांस्टेबल राजमंगल सिंह, महेंद्र यादव,मुनीर अतमद, देवनरायन सिंह, अजय जायसवाल और सुुदर्शन को शाबासी मिली। एसपी ने पुलिस टीम को 2500 रुपये का पुरस्कार भी दिया।