गोरखपुर-संतकबीरनगर सीमा के कसरवल के पास शुक्रवार देर शाम एक बाइक सवार युवक सड़क के किनारे खड़े ट्रक में पीछे से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने एंबुलेंस से उसे सीएचसी सहजनवां भेजवाया। जहां चिकित्सकों ने युवक की हालत गंभीर देख मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान शुक्रवार रात में ही उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की सूूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के जंगलकला खुशिया के 22 वर्षीय गोविंद कुमार पुत्र कैलाश चंद्र बाइक से सहजनवां क्षेत्र के एक गांव में किसी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। वह अभी कसरवल के पास स्थित गुरुद्वारे के पास पहुंचे ही थे कि सड़क पर खड़ी ट्रक में पीछे से टकरा गए। सूचना पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने घायल गोविंद को एंबुलेंस की सहायता से सीएचसी सहजनवां भेजवाया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
जहां इलाज के दौरान शुक्रवार की देर रात गोविंद की मौत हो गई। गोविंद की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में हाहाकार मच गया। गोविंद पांच भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनके पिता कैलाश चंद मुंबई में है। घटना की सूचना मिलते ही उनके घर पर रिश्तेदारों समेत आस पास लोगों की भीड़ जमा हो गई। गोविंद की मौत से उनकी मां बजनी, दादा रायमुन, भाई गौतम, नवीन, संतोष, दीपू और बहन सुनैना का रो-रोकर बुरा हाल था।