छात्रसंघ चुनाव की रंजिश में पूर्व छात्र संघ उपाध्यक्ष को गोली मारने के मामले के मुख्य आरोपी शुभम राय को पुलिस ने शुक्रवार को जेल भेज दिया। वहीं घायल छात्र नेता का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। उनकी हालत ठीक बताई गई है।
तितौवा चौराहे पर स्थित एक चाय की दुकान पर गुरुवार शाम दो गुटों में छात्र संघ चुनाव को लेकर विवाद हो गया था। आरोप था कि उसी बीच शुभम राय ने पूर्व छात्र संघ उपाध्यक्ष धीरज कुमार पांडेय पुत्र ओंकारनाथ पांडेय निवासी तेनुहारी दोयम को गोली मार दी। गोली छात्र नेता के बाए जंघे में लगी थी। घटना के बाद चीता मोबाइल ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों ने भाग रहे आरोपी शुभम राय को दौड़ा कर पकड़ लिया था। इस मामले में पुलिस ने घायल छात्र नेता के पिता ओंकारनाथ पांडेय की तहरीर पर आरोपी शुभम राय,आशुतोष,पंकज दूबे और चार-पांच अज्ञात के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया था।
कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी शुभम राय को हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के मामले में जेल भेज दिया गया। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
घायल पूर्व छात्र संघ उपाध्यक्ष धीरज पांडेय मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं और उनकी हालत ठीक है। दोनों गुटों के प्रबल समर्थकों की गतिविधि पर भी पुलिस की नजर रख रही है।