मगहर। कोतवाली खलीलाबाद के मगहर चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोरड़ी के निकट मंझरिया-बनकटवा मार्ग पर रविवार की दोपहर ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक पर सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाश को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया। घटना के समय बाइक पर तीन लोग सवार थे और हेलमेट नहीं लगाए थे।
खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बंजारीपुर निवासी सुग्रीम मौर्या ग्राम दरुआ जप्ती अदालत के कोटेदार हैं। उनके दो पुत्र हैं। रविवार को दोपहर में छोटे बेटे सुधाकर मौर्य(18) को इलाज के लिए अपने भतीजे रमेश कुमार मौर्य के साथ बाइक से खलीलाबाद अस्पताल ले जा रहे थे। अभी वह ग्राम कोरड़ी के निकट पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही एक ट्रक को क्रास करते हुए बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। जिससे बीच में बैठा सुधाकर छिटककर ट्रक की पिछली पहिया के नीचे आ गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जबकि इस घटना में पिता सुग्रीम मौर्य और बाइक चला रहे उसके भतीजे रमेश मौर्य को गंभीर चोट आई है। हादसा होते ही आस-पास के लोग इकट्ठा हो गए और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया, जबकि हादसे में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया है। चौकी इंचार्ज चतुर्भुज पांडेय ने बताया कि घायलों को अस्पताल भेजने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है।