बखिरा। सांथा में स्थित बीयर की दुकान पर उधार बीयर नहीं देने से नाराज युवकों ने मुनीम की पिटाई कर दी और बीयर की आठ बोतलें नष्ट कर दीं। मंगलवार को पुलिस ने मुनीम की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया।
गोरखपुर जिले के खजनी क्षेत्र के सखरुआ गांव निवासी अजय यादव पुत्र सर्वदेव ने बताया कि वह बखिरा क्षेत्र के गनवरिया (सांथा) स्थित सरकारी बीयर की दुकान पर मुनीम है। उसकी दुकान पर दो लोग आए। उनकी मांग पर दो बोतल बीयर दे दी। पैसे की मांग करने पर दोनों बाद में देने की बात करने लगे।
उसने उधार देने से मना कर दिया। इसको लेकर दोनों ने उससे नोकझोंक की। गाली-गलौज देते हुए जानमाल की धमकी दी। आरोप है कि दो घंटे बाद दोनों युवक अपने एक अन्य साथी के साथ फिर आए। तीनों ने उसका गला दबा दिया और मारने-पीटने लगे।
आरोप है कि दुकान में रखी बीयर की आठ बोतलों को भी तोड़ डाला। जान बचाकर वह किसी तरह से बगल में स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान में घुस गए। आरोपी वहां भी पहुंचकर उसे मारने-पीटने लगे।
इंस्पेक्टर सदानंद सिंह ने बताया कि पीड़ित मुनीम की तहरीर पर बखिरा क्षेत्र के डमरुवर गांव निवासी संतोष मिश्रा व निहाल उर्फ रईस समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है।