घायल बुजुर्ग महिला की मौत, अन्य का चल रहा इलाज
बुधवार की भोर में मैनसिर चौराहे के पास पेड़ से टकरा गई थी कार
एक ही परिवार के पांच लोग प्रयागराज से लौटते वक्त हो गए थे घायल
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के मैनसिर चौराहे के पास बुधवार की भोर में हुए हादसे में घायल एक ही परिवार के पांच लोगों में से एक बुजुर्ग महिला की बृहस्पतिवार को मौत हो गई है। चार घायलों का अब भी इलाज चल रहा है। ये लोग प्रयागराज से कुंभ स्नान के बाद घर लौट रहे थे।
खलीलाबाद कस्बे के गायत्री पुरम निवासी अधिवक्ता अरुण कुमार श्रीवास्तव (42), पत्नी वीना श्रीवास्तव (35), पुत्र प्रांश श्रीवास्तव (20), प्रभात श्रीवास्तव (18) और रजनावती देवी (60) कार से संगम स्नान करने प्रयागराज गए थे। मंगलवार की रात में ये लोग घर लौट रहे थे। धनघटा-खलीलाबाद मार्ग पर बुधवार की भोर में करीब साढ़े चार बजे मैनसिर चौराहे के समीप सामने से आ रही एक गाड़ी को बचाते वक्त कार अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार सभी पांच लोग घायल हो गए। गाड़ी टकराने की आवाज सुनकर आसपास के लोग दघटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को कार से बाहर निकाला। लोगों ने 108 नंबर एंबुलेंस तथा पुलिस को सूचना दी। सभी घायलों को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को गोरखपुर मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। बृहस्पतिवार को इनमें से अधिवक्ता की माता रजनावती देवी की मौत हो गई।